ऑनलाइन जुआ खिलवा रहा था पेटीएम, गूगल प्ले स्टोर ने हटा दिया एप


गूगल ने अपने प्ले स्टोर से ऑनलाइन पेमेंट एप पेटीएम को हटा दिया है। अब स्मार्ट फोन यूजर्स इस एप को डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। पेटीएम पर ऑनलाइन सट्टेबाजी करवाने का आरोप है। गूगल ने कहा है कि वह ऐसे किसी भी एप को बढ़ावा नही देता है जो खेलों में सट्टेबाजी से जुड़े हों। गूगल ने कहा है कि यह एप उसकी पॉलिसी का उल्लंघन कर रहा था। गूगल ने एक ब्लाग पोस्ट भी प्रकाशित किया है जिसमें जुए को लेकर कंपनी की नीतियों को विस्तार से बताया गया है। 

गूगल ने अपनी ब्लॉग पोस्ट में लिखा, “हम ऑनलाइन कैसिनो की अनुमति नहीं देते हैं। हम किसी भी खेल में सट्टेबाजी की सुविधा देने वाले अनियमित ऐप्स का सपोर्ट नहीं करते हैं। इसमें यह भी शामिल है कि क्या कोई ऐप यूजर्स को किसी बाहरी वेबसाइट पर ले जाता है। जो उन्हें असली पैसे या नकद पुरस्कार जीतने के लिए टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति देता हो, ऐसा करना हमारी नीतियों का उल्लंघन है।“
गूगल ने कहा है कि अगर कोई भी एप उसकी नीतियों का उल्लंघन करता है तो वह संबंधित एप डेवलपर को इसकी सूचना देता है और उस एप को हटा देता है। जैसे ही यह एप कंपनियों की नीतियों का पालन करता है उसे दोबारा से प्ले स्टोर पर स्थापित कर दिया जाता है। 

हालांकि पेटीएम एपल स्टोर पर उपलब्ध है। इसके अलावा जिन यूजर्स के एंड्रायड फोन पर यह एप पहले से इंस्टाल है वे इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा गूगल के प्ले स्टोर पर अभी भी पेटीएम बिजनेस एप मौजूद है। 

गौरतलब है कि पेटीएम देश में सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाले एप्स में से एक है। इसी साल अगस्त के महीने में सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाले एप्स में से यह छठे नंबर पर था। 
गूगल प्ले स्टोर से हटाए जाने के बाद पेटीएम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा कि गूगल प्ले स्टोर पर पेटीएम एंड्रायड एप डाउनलोड या अपडेट किए जाने के लिए अस्थायी तौर पर अनुउपलब्ध है। यह बहुत जल्द ही वापस आ जाएगा। आप सभी के पैसे पूरी तरह से सुरक्षित हैं।