कानपुर पुलिस विभाग में 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों के छंटनी की तैयारी


उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव होने वाला है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लगे लॉकडाउन से चरमराई अर्थव्यवस्था के कारण देश में लाखों लोगों की नौकरियां छिन गई। इस बीच कानपुर पुलिस विभाग से 50 साल से अधिक आयु वर्ग के पुलिस कर्मियों की छंटनी होगी। इससे पूर्व बिहार में भी कुछ दिनों पहले 50 साल से अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों की छंटनी की बातें सामने आई थी। डीआईडी डॉ प्रीतिन्दर सिंह के मुताबिक यह हर साल की प्रक्रिया है।

उनके मुताबिक कानपुर में पुलिस विभाग में काम न करने वाले, भ्रष्टाचार के आरोपों में लिप्त 50 साल से अधिक आयु वाले कर्मियों को हटाया जाएगा। इनकी सूची तैयार कर स्क्रीनिंग कमेटी के सामने रखी जाएगी। इसमें 31 मार्च 2020 को जो पुलिसकर्मी 50 साल या उससे ज्यादा की आयु पार कर चुके हैं, उनकी सूची तैयार होती है। इसमें यह देखा जाता है कि किस पुलिसकर्मी के ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। कौन पुलिस कर्मी हैं, जो पूरी नौकरी में आधे से ज्यादा समय ड्यूटी पर नहीं आए। इनको स्क्रीनिंग कमेटी छांटेगी। फिर ऐसे पुलिसकर्मियों को रिटायर कर दिया जाएगा।

हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग ने प्रदेश के 890 हेड कॉन्सटेबल को डिमोट करने का फैसला लिया था। जिसके बाद यूपी पुलिस में हड़कंप मच गया था। वहीं बिहार में भी कुछ दिनों पहले 50 साल से अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों की छंटनी की बातें सामने आई थी। दरअसल, बिहार पुलिस की तरफ से 25 अगस्त को जारी हुए एक पत्र में 50 साल से अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों की हर महीने कार्य दक्षता की समीक्षा करने की बात कही गई थी। विभाग के इस फैसले पर बिहार पुलिस एसोसिएशन ने नाराजगी जताई थी।