नहीं थम रहा देश में कोरोना का कहर, संक्रमितों की संख्या हुई 54 लाख के पार


देश में कोरोना संक्रमण पर अब चर्चा भी होना खत्म हो गई है। लेकिन कोरोना संक्रमण के आंकड़े निरंतर बढ़ते जा रहे हैं और वर्तमान समय की यह सबसे चिंताजनक स्थिति है। पिछले 24 घंटे के भीतर संक्रमण के 92 हज़ार 605 नए केस सामने आए हैं और 1,133 लोग मौत के मुंह में समा गए है। महाराष्ट्र देश में कोरोना महामारी से सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य बना हुआ है जहां इस समय 301,273 सक्रिय मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 54 लाख पार हो चुके हैं।

कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या क्रमशः 101148, 84423, 67825 और 46506 है। इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि शनिवार को 12,06,806 सैंपल्स का कोरोना टेस्ट किया गया था। अब देश भर में 636,61,060 सैंपल्स का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। इस बीच एक राहत की खबर यह है कि रिकवर होने वालों की संख्या 80 प्रतिशत है और मृत्युदर घटकर 1.61 रह गई है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक एक दिन में स्वस्थ होने वाले मामलों में से करीब 60 फीसद मामले पांच राज्यों- महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश से आए हैं। इन्हीं पांच राज्यों में संक्रमण के सर्वाधिक मामले भी आए हैँ। महाराष्ट्र में एक दिन में 22 हजार से अधिक लोग (23 प्रतिशत) स्वस्थ हुए, तो आंध्र प्रदेश में यह संख्या 11,000 (12.3 प्रतिशत) है।  ठीक होने के 90 प्रतिशत मामले 15 राज्यों तथा एक केंद्र शासित प्रदेश से हैं।

बता दें कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा था कि देश में कोरोना वायरस की वैक्सीन अगले साल की शुरुआत में आ सकती है। उन्होंने राज्यसभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि, "वैक्सीन कोई जादू नहीं हैं, बड़े पैमाने पर वैक्सीन के उपलब्ध होने के लिए वक़्त लगेगा। लेकिन कोरोना वायरस को रोकने के लिए मास्क सबसे महत्वपूर्ण है।“इससे एक दिन पहले भारत की फ़ार्मा कंपनी डॉक्टर रेड्डीज़ लैब्स ने कहा था कि भारत को इस साल के आख़िर तक कोरोना वायरस की वैक्सीन मिल सकती है। कंपनी ने रूस के साथ रूसी वैक्सीन स्पुतनिक V के 10 करोड़ डोज़ ख़रीदने का क़रार किया है।