हरियाणा के सीएम खट्टर ने किसानों पर लाठी चार्ज को बताया सेल्फ डिफेंस में उठाया गया कदम



हरियाणा के भाजपाई मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पिपली में किसानों पर हुए लाठी चार्ज को पुलिस द्वारा सेल्फ डिफेंस में उठाया गया कदम बताया है। उन्होने कहा है कि आत्मरक्षा में कोई कुछ भी कर सकता है और पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाने के लिए आत्मरक्षा में किसानों पर लाठियां चलाईं। 

इससे पहले किसानों पर लाठी चार्ज की बात को नकार चुके हैं हरियाणा के गृहमंत्री-

इससे पहले हरियाणा की भाजपा सरकार में गृहमंत्री अनिल विज ने किसानों पर लाठी चार्ज की बात को नकार दिया था। उन्होने कहा था कि सरकार ने पुलिस को आदेश दिया है कि किसानों पर किसी भी स्थिति में लाठी चार्ज नही किया जाए। किसान कृषि विधेयकों का विरोध कर रहे हैं क्योंकि वह विपक्षी दलों के बहकावे में आ गए हैं। उन्हे कृषि संबंधित नए कानून समझ में नही आ रहे हैं। 

क्या कहा सीएम खट्टर ने- 
 
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि अगर किसान पुलिस पर हमला करते हैं तो सेल्फ डिफेंस भी लिया जा सकता है। तमाम ऐसी तस्वीरें आई हैं जिसमें सिविल ड्रेस में लोग डंडे हाथ में लिए हुए हैं। किसानों पर राजनीति करना गलत काम है। 

कांग्रेस ने खट्टर के बयान की निंदा की-
 
कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने खट्टर के बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होने अपने ट्वीट में कहा है कि पिपली में किसानों के सिर फोड़े गए हैं। खट्टर सरकार क्रूरता की पराकाष्ठा बन चुकी है। खट्टर हमें लाठी चार्ज की परिभाषा समझा रहे हैं। वह अहंकार की सारी सीमाएं तोड़ चुके हैं। सुरजेवाला ने सरकार में शामिल दुष्यंत चौटाला पर भी निशाना साधा।