मिल गई जमानत तो जेल से बाहर आईं रिया चक्रवर्ती


सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में गिरफ्तार हुई अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को जमानत मिल गई है। रिया आज शाम लगभग 5 बजकर 30 मिनट पर भायखला जेल से बाहर निकलीं। वह एक महीने तक जेल में बंद रही हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने उनकी जमानत की अर्जी स्वीकार कर ली थी जिसके बाद उन्हे रिहाई मिली। रिया के साथ ही सुशांत सिंह राजपूत के सहयोगी दीपक सावंत और सैमुअल मिरांडा को भी जमानत मिल गई है। हालांकि कोर्ट ने इसी मामले में गिरफ्तार रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती को जमानत देने से इंकार कर दिया है।

रिया को कैसे मिली जमानत-
हाईकोर्ट ने जमानत दिए जाने के फैसले में कहा है कि रिया के पास ड्रग्स बरामद नही हुई है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के घर से ड्रग्स की कोई मात्रा बरामद नही हुई है। इसलिए रिया पर ड्रग्स की कमर्शियल खरीद फरोख्ता का कोई आधार नहीं बनता है। हालांकि सुनवाई के दौरान एनसीबी ने रिया को जमानत दिए जाने का विरोध किया था। 

इन शर्तो पर मिली जमानत-
रिया को जमानत तो मिल गई है लेकिन हाईकोर्ट ने इसके लिए कुछ शर्ते भी रखी हैं। ये शर्तें हैं-
1. रिया को अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन पर दस दिनों तक हर रोज अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। 
2. उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करना होगा। 
3. बिना कोर्ट की इजाजत के उन्हे विदेश यात्रा करने की अनुमति नही होगी। 
4. अगर रिया को ग्रेटर मुंबई से बाहर जाना है तो इसके लिए भी उन्हे पुलिस को जानकारी देनी होगी। 
5. रिया को यह जमानत एक लाख के पर्सनल बांड पर मिली है। 

रिया के भाई को नही मिली जमानत-
कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती को जमानत नहीं दी है। इसके अलावा सुशांत सिंह राजपूत के यहां काम करने वाले अब्दुल बासित की जमानत याचिका भी कोर्ट ने खारिज कर दी है। 
और क्या कहा कोर्ट ने-
रिया के अलावा इस मामले में जमानत पाने वाले बाकी लोगों के लिए भी यही कड़ी शर्तें रखी गई हैं। इन लोगों को भी मुंबई से बाहर जाने के लिए पुलिस की इजाजत लेनी होगी।