योगी सरकार का आदेश - अब हर थाने में होगी महिला डेस्क, केवल महिला पुलिसकर्मी ही सुनेंगी शिकायतें

प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर सख्त हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश के हर थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने का आदेश दिया है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि महिलाओं को पुलिस थानों में जाने और अपनी शिकायत दर्ज करवाने में संकोच न हो। 

अब महिलाएं बेझिझक दर्ज करवा सकेंगी अपनी शिकायत-
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हाल ही में कई फैसले लेने वाली योगी सरकार ने गुरुवार को ये फैसला किया है। पुलिस थानों में महिलाओं के जाने में हिचकने और अपनी बात कह पाने में संकोच करने को देखते हुए राज्य सरकार ने इस फैसले को तत्काल लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। 17 अक्टूबर से यूपी में महिलाओं के लिए मिशन शक्ति अभियान का ऐलान कर चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कदम को महिला सुरक्षा की मुहिम से जोड़ कर देखा जा रहा है।

महिला डेस्क पर तैनात होगीं महिला पुलिसकर्मी
थानों में बनाई जाने वाली हेल्प डेस्क पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मी शिकायतों को सुनने के साथ ही किसी भी समय महिलाओं की मदद के लिए भी तैयार रहेंगी। 

चौराहों पर महिलाओं के लिए होंगे पिंक बूथ-
गौरतलब है कि योगी सरकार इससे पहले राजधानी के अलग अलग चौराहों पर महिलाओं के लिए पिंक बूथ भी बनाए हैं। कार्य स्थल से देर रात लौटने वाली महिलाओं को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी योगी सरकार ने की है। महिला सुरक्षा पर योगी सरकार की गंभारता का नतीजा है कि राजधानी समेत यूपी के बड़े शहरों के चौराहों पर भी महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जा रही है।