राहुल गांधी को पप्पू की उपाधि देने का दावा करने वाले कुमार विश्वास की पत्नी को गहलोत ने बनाया राजस्थान लोक सेवा आयोग का सदस्य

राजस्थान के कांग्रेसी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मशहूर कवि कुमार विश्वास की पत्नी को राजस्थान लोक सेवा आयोग का सदस्य बना दिया है। 
राजस्थान लोक सेवा आयोग की सदस्य बनी मंजू सैनी शर्मा के पति कुमार विश्वास लोकप्रिय कवि हैं और आए दिन अपने चुटीले बयानों से सुर्खियों में बने रहते हैं। कुमार विश्वास राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ चुके हैं और अपने एक ट्वीट में उन्होने दावा किया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सबसे पहले पप्पू की उपाधि उन्होने ही दी थी। 
अशोक गहलोत का यह फैसला विवादों में घिर गया है। खासकर तब जब इसी साल जुलाई के महीने में वह सचिन पायलट के विद्रोह के चलते बमुश्किल से अपनी कुर्सी बचा पाए थे। 
बताया जा रहा है कि कुमार विश्वास की पत्नी मंजू सैनी शर्मा अशोक गहलोत की सजातीय हैं। दोनो ही माली समुदाय से आते हैं। 
मंजू के पति कुमार विश्वास राहुल गांधी को अक्सर निशाना बनाते रहते हैं। गहलोत के इस फैसले की मुखालफत होनी शुरू हो गई है और उनकी पार्टी के नेता ही दबी जुबान में इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। आशंका है कि गहलोत ने यह कदम उठा कर एक तरह से ढ़ाई महीने से ज्यादा शांत रहे सियासी पानी में पत्थर मार दिया है।