उद्धव ने हिमांचल प्रदेश को बताया गांजे की खेती करने वाला राज्य तो बिफर पड़ी कंगना

महाराष्ट्र में कंगना और उद्धव ठाकरे के बीच वाक युद्ध फिर से शुरू हो गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा हिमांचल प्रदेश को गांजे की खेती करने वाला राज्य बताए जाने पर कंगना रनौत का पारा एक बार फिर गर्म हो गया। कंगना ने इस बार उद्धव ठाकरे को तुच्छ व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह इस तरह का व्यवहार क्यों करते हैं जैसे महाराष्ट्र उनका है। 

क्या कहा था उद्धव ठाकरे ने-
उद्धव ठाकरे रविवार को दशहरे के दिन शिवसेना कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। शिवसेना में बाला साहब ठाकरे के समय से ही दशहरे के दिन शिवसेना प्रमुख द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किए जाने की परंपरा रही है। उद्धव ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग मुंबई रोजी-रोटी के लिए आते हैं और इसे पीओके बताकर गाली देते हैं। उद्धव ने कहा, ’’मुंबई पीओके है, यहां हर जगह ड्रग्स लेने वाले लोग हैं। वे कुछ इस तरह की तस्वीर बनाना चाहते हैं। वे नहीं जानते हैं कि हम अपने घरों में तुलसी उगाते हैं, गांजा नहीं। गांजे के खेत आपके राज्य में है, आप जानते हो कहां, महाराष्ट्र में नहीं।’’
यहां उद्धव ने किसी का नाम नही लिया था लेकिन ये बात साफ थी कि उनका निशाना कंगना रनौत और हिमांचल प्रदेश पर है। 

कंगना ने भी किया पलटवार-
उद्धव ठाकरे के बयान के बाद कंगना भी ट्विटर पर कूद पड़ी। उन्होने ट्वीट कर लिखा, ’’मुख्यमंत्री आप बहुत तुच्छ व्यक्ति हैं। हिमाचल को देव भूमि कहा जाता है, यहां सबसे अधिक संख्या में मंदिर हैं और क्राइम रेट शून्य है। हां, यहां की जमीन बहुत उपजाऊ है, यह सेब, कीवी, अनार और स्ट्रॉबेरी की उपज होती है, यहां कोई कुछ भी उगा सकता है।’’
उन्होने अगले ट्वीट में लिखा, ’’आप एक ऐसे नेता हैं जिसका नजरिया एक ऐसे राज्य को लेकर तामसिक, अदूरदर्शी और कम जानकारी वाला है, जो भगवान शिव और मां पार्वती का निवास स्थान है। इसके अलावा कई महान संतों जैसे मार्केंडेय, मनु ऋषि और पांडवों ने निर्वासन का लंबा समय हिमाचल में बिताया।’’
उन्होने आगे कहा, ’’मुख्यमंत्री, आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए, जनसेवक होने के बावजूद आप इस तरह के तुच्छ झगड़े में शामिल हैं, अपनी शक्ति का इस्तेमाल आपसे अहसमत लोगों के अपमान और नुकसान के लिए कर रहे हैं। गंदी राजनीति खेलकर आपने जो कुर्सी हासिल की है, उसके लायक आप नहीं हैं। शर्म की बात है।’’

देश को बांट रहे हैं उद्धव-
कंगना ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि एक मुख्यमंत्री की जुर्रत देखिए जो देश को बांट रहा है। किसने उन्हें महाराष्ट्र का ठेकेदार बनाया? वह केवल जनसेवक हैं, उनसे पहले वहां कोई और था और जल्द ही वह बाहर होंगे और कोई और राज्य की सेवा के लिए आएगा। वह ऐसा क्यों व्यवहार कर रहे हैं कि महाराष्ट्र के मालिक हैं।’’

कंगना ने कहा, ’’जिस तरह हिमालय की सुंदरता हर भारतीय की है, मुंबई जो अवसर देता है वह हम सभी के लिए है, दोनों मेरे घर हैं। उद्धव ठाकरे, आप हमारे लोकतांत्रिक अधिकार छीनने और हमें बांटने की कोशिश ना करें। आपके गंदे भाषण आपकी अक्षमता का एक अश्लील प्रदर्शन हैं।’’