अन्नू टंडन के बाद अब कांग्रेसी विधायक अदिति सिंह हुईं पार्टी से बेवफा, पार्टी ट्रस्ट पर उठाए सवाल


यूपी कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम ही नही ले रही हैं। अन्नू टंडन जैसी दिग्गज नेता के पार्टी छोड़ने के झटके से उबर रही कांग्रेस को पार्टी की विधायक अदिति सिंह ने एक और झटका दे दिया है। उन्होने आर्थिक अपराध शाखा के महानिदेशक को पत्र लिखकर कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे कमला नेहरू एजुकेशनल सोसाइटी में चल रही वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने की मांग की है। 
उन्होने अपने पत्र में लिखा है कि सोसाइटी के गठन का उद्देश्य लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देना था लेकिन सोसाइटी ने कभी भी इस आशय से आवंटित जमीन का लड़कियों की शिक्षा के उद्देश्य के लिए उपयोग नही किया। उन्होने लिखा है कि इसके अलावा, फ्रीहोल्ड में भूमि का रूपांतरण गैरकानूनी है क्योंकि यहां लगभग 150 दुकानें हैं जो 600 लोगों को रोजाना आजीविका प्रदान करती हैं।

कांग्रेस पार्टी पर उठाए सवाल-
उन्होने खुद की पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जो पार्टी पीएम केयर्स फंड की पारदर्शिता पर सवाल उठाती है उसे यह भी बताना चाहिए कि इस सोसाइटी के माध्यम से उन्होने क्या किया है। उन्होंने आगे कहा कि रायबरेली शहर में शैक्षिक उद्देश्यों के लिए ट्रस्ट को 1970 के दशक में 30 साल के पट्टे के साथ जमीन दी गई थी। जबकि इसका उपयोग इस उद्देश्य के लिए नहीं किया गया। वे (कांग्रेस नेता) अब इसे बेचने की कोशिश कर रहे हैं। मेरी लड़ाई दोनों के लिए है ट्रस्ट के फर्जी तरीकों के खिलाफ और उन 100 से अधिक परिवारों के लिए जो दशकों से वहां रह रहे हैं।

क्या है कमला नेहरू ट्रस्ट-
कमला नेहरू ट्रस्ट ने साल 1976 में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक एजुकेशन सोसाइटी का गठन किया था। 1135 रूपये सालान के किराए पर जमीन ली गई थी जो ट्रस्ट को दान कर दी गई। बाद में इस जमीन को फ्री होल्ड करवा लिया गया। बताया जाता है कि 1976 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने यहां लड़कियों के लिए स्कूल खोलने की रजामंदी दी थी। हालांकि स्कूल बनाने की प्रक्रिया कभी शुरू ही नही हुई। बाद में इस खाली पड़ी जमीन पर तमाम लोगों ने गुमटी और छोटी-छोटी दुकाने बना ली जो उनके आजीविका का साधन बन गईं। 
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी साधा निशाना-
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट कर कांग्रेस पर कमला नेहरू ट्रस्ट के नाम पर जमीन का घोटाला करने का आरोप लगाया है।